जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
लालकुआं अवैध शराब की बिक्री और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत लालकुआं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान बाइक सवार एक व्यक्ति को 134 पाउच कच्ची शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी कब्जे में ले लिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल और क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में पुलिस टीम संदिग्ध वाहन एवं व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान 12 सितंबर 2026 को चौकी बिंदुखत्ता पुलिस टीम ने सुभाष नगर पुलिस बैरियर लालकुआं के पास मोटरसाइकिल संख्या UK18Q5328 (हीरो HF Deluxe) को चेक किया। तलाशी के दौरान बाइक सवार बंटी पुत्र जीत सिंह निवासी तुमरिया डैम नंबर-1, चंद्रनगर, मलधनचौड़, थाना रामनगर के कब्जे से सफेद प्लास्टिक के कट्टे में रखे 134 पाउच कच्ची शराब बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह उक्त कच्ची शराब सूरज नाथ गोस्वामी निवासी बिंदुखत्ता के लिए तस्करी कर रहा था। आरोपी ने पूर्व में भी सूरज गोस्वामी को कई बार कच्ची शराब उपलब्ध कराने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक शराब तस्करी से संबंधित साक्ष्य भी सामने आए हैं।
मामले में दोनों आरोपियों के विरुद्ध थाना लालकुआं में FIR संख्या 135/2026, धारा 60/69बी/72 आबकारी अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। पुलिस द्वारा सूरज नाथ गोस्वामी के विरुद्ध भी धारा 69बी आबकारी अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी बंटी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा।
पुलिस टीम में उप निरीक्षक गौरव जोशी प्रभारी चौकी बिंदुखत्ता, कांस्टेबल प्रहलाद सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ और कांस्टेबल वीरेन्द्र रौतेला शामिल रहे।