जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा 13 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाली एनडीए एवं सीडीएस परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा की अध्यक्षता में परीक्षा की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, सुरक्षा व्यवस्था, परीक्षा सामग्री की गोपनीयता और निर्धारित समय-सारिणी का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय से पूर्व अपने-अपने तैनाती स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण सुनिश्चित करने को कहा।
सीडीओ ने परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, विद्युत, शौचालय समेत अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों के प्रयोग पर प्रभावी रोक लगाने और प्रतिबंधित सामग्री के प्रवेश पर कड़ी निगरानी रखने को कहा।
उन्होंने संघ लोक सेवा आयोग द्वारा जारी सभी दिशा-निर्देशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न हो सके।
बैठक में परीक्षा की नोडल अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, उपजिलाधिकारी संजय कुमार समेत अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।