जनतानामा न्यूज अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, 22 मई 2026। मोहान वन क्षेत्र के अंतर्गत तड़म ग्राम सभा में बढ़ती मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। उप प्रभागीय वनाधिकारी काकुल पुंडीर ने बताया कि विभाग द्वारा क्षेत्र में लगातार रात्रिकालीन निगरानी, गश्त और जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। वन विभाग की टीमें गांव में कैंप कर दिन-रात हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
वन विभाग की टीम घर-घर जाकर ग्रामीणों को वन्यजीवों से बचाव और सुरक्षा उपायों की जानकारी दे रही है। वहीं स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उन्हें वन विभाग के वाहन से सुरक्षित रूप से राजकीय बालिका इंटर कॉलेज भोनखाल तक पहुंचाया गया।
ग्रामीणों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए वन क्षेत्राधिकारी मोहन के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया है। टीमों द्वारा सर्च लाइट, फायर उपकरण, वायरलेस सेट और अन्य सुरक्षा संसाधनों के जरिए लगातार गश्त की जा रही है। गांव में जगह-जगह जागरूकता पोस्टर भी लगाए गए हैं ताकि ग्रामीण वन्यजीवों की गतिविधियों के प्रति सतर्क रह सकें।
वन विभाग ने क्षेत्र में ट्रैप कैमरे, ड्रोन और गश्ती टीमों की मदद से निगरानी तेज कर दी है। अब तक गांव और आसपास के क्षेत्रों में 09 पिंजरे लगाए जा चुके हैं, जिनकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या वन्यजीव की सूचना तत्काल वन विभाग को दें ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
