जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
हल्द्वानी गुलाबघाटी में बुधवार देर रात एक बुलेट मोटरसाइकिल पैराफिट से टकराकर खाई में जा गिरी। हादसे में मोटरसाइकिल चालक पेड़ और झाड़ियों में फंस गया। डायल-112 से सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद घायल को सुरक्षित खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, दिनांक 09 सितंबर 2026 को करीब 01:07 बजे थाना काठगोदाम पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली कि गुलाबघाटी स्थित हनुमान मंदिर के समीप एक बुलेट मोटरसाइकिल दुर्घटनाग्रस्त हालत में पड़ी है, जबकि उसका चालक मौके पर दिखाई नहीं दे रहा है।
सूचना मिलते ही काठगोदाम पुलिस द्वारा पीसी-04 व चीता कर्मचारियों को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाश की तो भद्यूनी जाने वाले मार्ग के पास हनुमान मंदिर के समीप बुलेट मोटरसाइकिल संख्या DL8SDS5488 क्षतिग्रस्त अवस्था में मिली।
मौके पर मौजूद राहगीरों ने पुलिस को बताया कि मोटरसाइकिल चालक पैराफिट से टकराने के बाद नीचे गधेरे में जा गिरा है। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने टॉर्च की रोशनी में खाई में तलाश शुरू की। कुछ देर बाद घायल व्यक्ति पेड़ और झाड़ियों में फंसा दिखाई दिया। पुलिस टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान चलाकर उसे सुरक्षित बाहर निकाला।
घायल व्यक्ति अत्यधिक नशे की स्थिति में प्रतीत हो रहा था और बोलने की स्थिति में नहीं था, हालांकि वह होश में था। पुलिस कर्मियों ने बिना समय गंवाए उसे पीसी-04 वाहन से सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार उसके पैर में चोट आई है और उसकी स्थिति सामान्य बताई गई है।
पुलिस द्वारा वाहन की ई-चालान एप के माध्यम से जांच की गई तो बुलेट मोटरसाइकिल दारा सिंह पुत्र भगवान दास, निवासी नेहरू इन्कलेव, अलीपुर, नई दिल्ली के नाम पंजीकृत पाई गई। वाहन स्वामी से संपर्क करने पर उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल उनके जमाई भूपेश कुमार पुत्र चन्द्र प्रकाश, उम्र करीब 42 वर्ष, निवासी रोहिणी, दिल्ली द्वारा उसी दिन किसी कार्य से दिल्ली से काठगोदाम लाई गई थी।
काठगोदाम पुलिस की त्वरित कार्रवाई के चलते खाई में फंसे घायल व्यक्ति को समय रहते सुरक्षित बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका।