जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, मल्ला दन्या रामशिला वार्ड में यूसुफ तिवारी के घर के निकट लंबे समय से झूल रहे विद्युत तारों को आखिरकार विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने दुरुस्त कर दिया। झूलते तारों के कारण स्थानीय लोगों को दुर्घटना की आशंका बनी हुई थी।
रामशिला वार्ड के पार्षद नवीन चंद्र आर्य एवं स्थानीय निवासी फहीम अहमद ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क कर तारों को ठीक कराने के लिए प्रयास किए। उनके प्रयासों के बाद विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर झूलते तारों को सही कर दिया।
विद्युत तारों के दुरुस्त होने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पार्षद नवीन चंद्र आर्य ने समस्या का त्वरित समाधान किए जाने पर विद्युत विभाग एवं मौके पर कार्य करने वाले कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में जनसुरक्षा से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संबंधित विभागों के समक्ष उठाया जाता रहेगा।