जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा, गुरु उदय शंकर की कलात्मक विरासत को नई पीढ़ी से जोड़ने की दिशा में पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय, अल्मोड़ा, संस्कृति विभाग उत्तराखंड की ओर से सात दिवसीय रंगमंच एवं फिल्म निर्माण कार्यशाला का शुभारंभ उदय शंकर नाट्य अकादमी में हुआ। कार्यशाला का उद्देश्य उत्तराखंड के युवाओं को रंगमंच और फिल्म निर्माण का व्यावहारिक प्रशिक्षण देने के साथ ही उदय शंकर की ऐतिहासिक अकादमी को एक जीवंत सांस्कृतिक एवं कलात्मक केंद्र के रूप में सक्रिय करना है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर पं. गोविंद बल्लभ पंत राजकीय संग्रहालय की निदेशक जयन्ती खाती, वरिष्ठ अभिनेता एवं दून विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर कैलाश कांडवाल, एनएसडी के पूर्व छात्र शुभम शर्मा, अभिनेता-निर्देशक अभिषेक डोभाल, कार्यक्रम क्यूरेटर एवं गायक हिमांशु धरमोरा, भातखंडे संगीत महाविद्यालय अल्मोड़ा की प्रभारी प्रधानाचार्य चंचल तिवारी, डॉ. सी.एस. चौहान, जनमेजय तिवारी सहित अन्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन मीता उपाध्याय ने किया।
कार्यशाला में कुल 40 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। सात दिनों तक उन्हें रंगमंच तकनीक, अभिनय, दृश्य-रचना, चरित्र निर्माण, स्क्रिप्ट लेखन, कैमरा संचालन, फिल्म निर्माण और डॉक्यूमेंट्री निर्माण की बारीकियों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रशिक्षण की जिम्मेदारी वरिष्ठ अभिनेता कैलाश कांडवाल, शुभम शर्मा और अभिनेता-निर्देशक अभिषेक डोभाल संभाल रहे हैं।
कार्यशाला के आयोजकों के अनुसार इसका प्रमुख उद्देश्य गुरु उदय शंकर की कलात्मक दृष्टि और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। साथ ही पहाड़ी क्षेत्र के युवाओं को अपनी रचनात्मक प्रतिभा निखारने के लिए प्रशिक्षण और मंच उपलब्ध कराना भी इसका महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
उदय शंकर द्वारा वर्ष 1938 में स्थापित इस ऐतिहासिक अकादमी को केवल एक विरासत स्थल के रूप में सीमित न रखते हुए निरंतर कला-शिक्षण और सांस्कृतिक गतिविधियों के सक्रिय केंद्र के रूप में विकसित करने की परिकल्पना की गई है। कार्यशाला इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।
कार्यशाला का समापन 20 सितंबर को दोपहर 2 बजे उदय शंकर नाट्य अकादमी, अल्मोड़ा में सांस्कृतिक समारोह के साथ होगा। इस दौरान प्रतिभागी सात दिनों में सीखी गई विधाओं तथा तैयार प्रस्तुतियों का प्रदर्शन करेंगे। भातखंडे संगीत महाविद्यालय, अल्मोड़ा के कलाकार भी शास्त्रीय प्रस्तुतियां देंगे।
समापन समारोह का विशेष आकर्षण गुरु उदय शंकर की पुत्रवधू एवं प्रसिद्ध कलाकार तनुश्री शंकर तथा कोलकाता से आने वाले उनके दल की विशेष प्रस्तुति होगी। इससे समारोह को और भव्य स्वरूप मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में यूसुफ तिवारी, दीपा गुप्ता, मनोज गुप्ता, रविन्द्र बिष्ट, ममता जीना, राजेंद्र नयाल, हरिंदर नेगी, सूरज सिरारी, रविन्द्र अधिकारी, सुंदर लाल, प्रमोद कुमार, विमला सहित अन्य सहयोगी उपस्थित रहे।