Wed. May 6th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 06 मई 2026। कलेक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री घोषणाओं के अंतर्गत संचालित विकास कार्यों एवं निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्किंग और आधारभूत ढांचा परियोजनाओं की प्रगति का विस्तार से आकलन किया गया।
अपर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री घोषणाओं से जुड़े सभी कार्य प्राथमिकता के आधार पर तय समयसीमा में पूरे किए जाएं और किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी न हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान पाया गया कि थर्ड पार्टी वेरिफिकेशन से जुड़े कई मामले लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) अल्मोड़ा में लंबित हैं। इस पर एडीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए, ताकि परियोजनाओं की गति प्रभावित न हो।
बैठक में पनुवानौला, भिकियासैंण और भतरौंजखान में प्रस्तावित पार्किंग स्थलों के लिए भूमि चयन प्रक्रिया में तेजी लाने को कहा गया। साथ ही जिन पार्किंग परियोजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, उनके संचालन के लिए जल्द टेंडर प्रक्रिया तैयार करने और उपयोगकर्ता शुल्क निर्धारित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने “सिंगल थ्रेड ओनरशिप” की अवधारणा पर जोर देते हुए अभियंताओं को नियमित मॉनिटरिंग करने और कार्यों में अपेक्षित गति बनाए रखने को कहा।
बैठक में विकास प्राधिकरण के सहायक एवं अवर अभियंता, सीएनडीएस के अधिशासी अभियंता तथा लोक निर्माण विभाग रानीखेत के सहायक अभियंता सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।