जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन, जनपद शाखा अल्मोड़ा की ओर से 25 सितंबर को विश्व फार्मासिस्ट दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर फार्मासिस्टों की भूमिका, मरीजों की सेवा और स्वास्थ्य व्यवस्था में उनके योगदान पर चर्चा की जाएगी।
कार्यक्रम के तहत सुबह जिला महिला अस्पताल एवं बेस अस्पताल पहुंचकर मरीजों से मुलाकात की जाएगी और उन्हें फल वितरित किए जाएंगे। इसके माध्यम से फार्मासिस्ट संगठन की ओर से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता और सेवा भावना का संदेश दिया जाएगा।
इसके बाद आयोजित होने वाली विचार गोष्ठी में फार्मासिस्ट समाज और स्वास्थ्य हित में किस प्रकार प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं, इस विषय पर मंथन किया जाएगा। गोष्ठी में गोकुल मेहता और गजेन्द्र पाठक फार्मासिस्टों की जिम्मेदारियों, समाज के प्रति उनके दायित्वों तथा स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में उनके योगदान पर अपने विचार रखेंगे।
कार्यक्रम के दौरान पिछले वर्ष सेवानिवृत्त हुए फार्मेसी अधिकारियों को सम्मानित भी किया जाएगा। एसोसिएशन की जनपद शाखा ने विश्व फार्मासिस्ट दिवस को सेवा, सम्मान और विचार-विमर्श के रूप में मनाने की तैयारी की है।