जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा (सोमेश्वर), 18 अप्रैल 2026। सोमेश्वर के रामलीला मैदान में आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में राज्य की कैबिनेट मंत्री एवं सोमेश्वर विधायक रेखा आर्य ने प्रतिभाग कर आमजन की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और उनकी समस्याओं का स्थायी समाधान करना है।
कैबिनेट मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसे शिविरों का उद्देश्य लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न योजनाओं की जानकारी और लाभ उपलब्ध कराना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका त्वरित निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि केवल शिकायतें एकत्र करना उद्देश्य नहीं, बल्कि उनका प्रभावी समाधान करना जरूरी है।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जिनसे लोगों ने योजनाओं की जानकारी ली और लाभ उठाया। इस दौरान पांच जरूरतमंद व्यक्तियों को व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र और लाठी जैसे सहायक उपकरण भी वितरित किए गए।
शिविर में कुल 43 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें अधिकांश पेयजल, सिंचाई और सड़क से संबंधित थीं। कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रसारित कर जल्द निस्तारण के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र, परियोजना निदेशक केएन तिवारी, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
