Sat. Apr 18th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा, 18 अप्रैल 2026। खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन की ओर से जिले में दवा प्रतिष्ठानों पर सख्ती बढ़ा दी गई है। इसी क्रम में आज कोसी, तारीखेत और देवलिखेत क्षेत्र में विभिन्न मेडिकल स्टोरों का औचक निरीक्षण किया गया।
औषधि निरीक्षक पूजा जोशी द्वारा किए गए इस निरीक्षण के दौरान ड्रग लाइसेंस की वैधता, दवाओं के स्टॉक, खरीद-बिक्री के रिकॉर्ड की गहन जांच की गई। साथ ही यह सुनिश्चित किया गया कि दवाओं की बिक्री केवल पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति में और अधिकृत चिकित्सक के पर्चे पर ही हो। निरीक्षण के दौरान मेडिकल स्टोरों में लगे सीसीटीवी कैमरों और उनकी रिकॉर्डिंग की भी बारीकी से जांच की गई।
जांच के दौरान कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते 5 मेडिकल स्टोरों को 7 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा 3 दवाओं के नमूने लेकर उन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा गया है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि जिले में दवा बिक्री व्यवस्था को पूरी तरह पारदर्शी और नियमों के अनुरूप बनाया जा सके।