जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा उत्तराखंड युवा कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (राज्यमंत्री स्तर) कुंदन लटवाल ने मंगलवार को विकास भवन सभागार में जनपद स्तरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति का विस्तृत जायजा लिया। बैठक में उन्होंने विभागवार योजनाओं की उपलब्धियों, प्रगति और क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से विभागीय कार्यों में आ रही चुनौतियों और समस्याओं की जानकारी भी ली।
बैठक को संबोधित करते हुए कुंदन लटवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार युवाओं के सर्वांगीण विकास, रोजगार, स्वरोजगार और कौशल विकास के अधिकतम अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं की प्रतिभा को उचित मंच प्रदान कर उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विभाग बेहतर समन्वय के साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध तरीके से योजनाओं का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
बैठक के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों, उपलब्धियों और चुनौतियों की जानकारी प्रस्तुत की। कुंदन लटवाल ने अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
बैठक में परियोजना निदेशक ग्राम्य विकास अभिकरण एन. तिवारी, जिला युवा कल्याण अधिकारी डी.एन. कांडपाल सहित जनप्रतिनिधि एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
