जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
नैनीताल जनपद में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत पुलिस को लगातार सफलता मिल रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर रामनगर और बनभूलपुरा पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
रामनगर कोतवाली पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में उजाला मैरिज हॉल ट्रक यूनियन के पास एक खाली प्लॉट से कादिर (28 वर्ष) निवासी गूलरघट्टी को गिरफ्तार किया। उसके पास से 9.334 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
वहीं, बनभूलपुरा पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश चन्द्र फर्त्याल के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान दानिश का बगीचा क्षेत्र से मोहम्मद हासिम (19 वर्ष) निवासी उत्तर उजाला को गिरफ्तार किया। उसके पास से 9.87 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत कार्रवाई की गई है।
पुलिस की इस कार्रवाई को नशे के खिलाफ अभियान में एक अहम सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करों के खिलाफ सख्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।
