जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड
नैनीताल जनपद के लालकुआं क्षेत्र में आपसी विवाद के मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों पर कानूनी कदम उठाए। मामला नगर पंचायत लालकुआं के वार्ड नंबर 4 का है, जहां योजनाओं को लेकर दो पक्षों के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति बन गई थी।
प्राप्त प्रार्थना पत्रों की जांच में सामने आया कि प्रथम पक्ष के आरिफ पुत्र अहमद हुसैन एवं अन्य तथा द्वितीय पक्ष के भुवन पाण्डे पुत्र पूरन चन्द्र पाण्डे एवं अन्य के बीच पहले से ही आपसी रंजिश चली आ रही थी। इसी कारण दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे थे।
स्थिति को नियंत्रित करने और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध धारा 126/135, 135(3) बीएनएसएस के तहत चालान की कार्रवाई की। बावजूद इसके विवाद जारी रहने पर भविष्य में शांति भंग की आशंका को देखते हुए दोनों पक्षों को धारा 172 बीएनएसएस के अंतर्गत निरुद्ध किया गया।
बाद में दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया और एक-दूसरे के खिलाफ कोई कानूनी कार्रवाई न करने का लिखित समझौता कोतवाली लालकुआं में प्रस्तुत किया गया।
पुलिस ने दोनों पक्षों को भविष्य में इस प्रकार के विवाद से बचने और शांति बनाए रखने की सख्त हिदायत दी है।
