जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा अल्मोड़ा की राजनीति में जनसभाओं की भीड़ को लेकर सियासी घमासान छिड़ गया है। अल्मोड़ा से कांग्रेस विधायक मनोज तिवारी ने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि कांग्रेस की हालिया जनसभा में उमड़े जनसैलाब से भाजपा बुरी तरह घबरा गई है। उन्होंने दावा किया कि इसी घबराहट में हवालबाग में शक्ति प्रदर्शन के उद्देश्य से मुख्यमंत्री का कार्यक्रम आयोजित किया गया, लेकिन सरकारी मशीनरी झोंकने के बावजूद भाजपा अपेक्षित भीड़ जुटाने में असफल रही।
मनोज तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने कार्यक्रम को सफल दिखाने के लिए सरकारी तंत्र का खुला दुरुपयोग किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में ताले लटकवाकर कार्यकर्तियों, स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं और विभिन्न विभागों के कर्मचारियों पर कार्यक्रम में शामिल होने का दबाव बनाया गया। इतना ही नहीं, पहचान छिपाने के लिए उन्हें यूनिफॉर्म के बजाय सामान्य कपड़े पहनकर आने के निर्देश दिए गए।
कांग्रेस विधायक ने यह भी आरोप लगाया कि परिवहन विभाग के माध्यम से टैक्सी चालकों पर दबाव बनाकर उनकी गाड़ियों को कार्यक्रम स्थल तक भेजा गया। उन्होंने कहा कि सत्ता का यह दुरुपयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और प्रशासनिक निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
तिवारी ने कहा कि भाजपा ने अपने पूरे सरकारी तंत्र को कार्यक्रम में झोंक दिया, लेकिन इसके बावजूद मुख्यमंत्री की सभा में अपेक्षित भीड़ नहीं जुट पाई। उनके अनुसार यह इस बात का संकेत है कि जनता अब भाजपा की नीतियों, बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई, पलायन और विकास के अधूरे वादों से निराश हो चुकी है।
कांग्रेस विधायक ने दावा किया कि हाल ही में हुई कांग्रेस की जनसभा को मिले अभूतपूर्व जनसमर्थन ने भाजपा की बेचैनी बढ़ा दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सभा की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जनता के बीच अपनी मौजूदगी दर्ज कराने के लिए मुख्यमंत्री को स्वयं अल्मोड़ा आना पड़ा।
तिवारी ने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करते हुए एक मजबूत राजनीतिक विकल्प के रूप में उभर रही है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता सत्ता के दुरुपयोग का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देगी।
