जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा नगर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अब सवाल उठने लगे हैं। देर रात तक बाजारों और सड़कों पर लोगों की आवाजाही के बावजूद कई क्षेत्रों में पुलिस की प्रभावी मौजूदगी सुनिश्चित करने की मांग सामने आई है। इसी को लेकर रेडक्रॉस के प्रतिनिधिमंडल ने सीओ अल्मोड़ा से मुलाकात कर रात्रि गश्त बढ़ाने की जोरदार मांग उठाई।
रेडक्रॉस पदाधिकारियों ने दो टूक कहा कि सिर्फ मुख्य बाजारों तक पुलिस गश्त सीमित रखने से काम नहीं चलेगा। नगर की गली-कूचों, सुनसान मार्गों, सार्वजनिक स्थलों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी नियमित अंतराल पर पुलिस की सक्रिय मौजूदगी जरूरी है। देर रात व्यापारी, कर्मचारी, विद्यार्थी और आम नागरिक आवागमन करते हैं। ऐसे में यदि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की निगरानी कमजोर रहती है तो असामाजिक तत्वों के हौसले बढ़ सकते हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि नगर के संवेदनशील और सुनसान क्षेत्रों को चिह्नित कर वहां रात्रि गश्त का प्रभावी और नियमित सिस्टम बनाया जाए। देर रात संदिग्ध परिस्थितियों में घूमने वाले लोगों पर नजर रखने के साथ आवश्यकता पड़ने पर पूछताछ और कानूनी कार्रवाई की जाए। पदाधिकारियों ने कहा कि पुलिस की दिखाई देने वाली मौजूदगी ही असामाजिक तत्वों के लिए सबसे बड़ा संदेश होगी कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नंदा देवी मेले में सुरक्षा को लेकर भी जताई चिंता
आगामी मां नंदा देवी मेले को देखते हुए रेडक्रॉस ने सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने की मांग की। मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों की भीड़ नगर में उमड़ती है तथा देर रात तक बाजार और मेला क्षेत्र गुलजार रहते हैं। ऐसे में किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और व्यापक रात्रि गश्त जरूरी है।
रेडक्रॉस ने कहा कि केवल मुख्य बाजारों में पुलिस की तैनाती पर्याप्त नहीं होगी। आंतरिक गलियों, सुनसान रास्तों और संवेदनशील क्षेत्रों में भी पुलिस की लगातार निगरानी होनी चाहिए। असामाजिक और अराजक तत्वों पर पहले से नजर रखी जाए, ताकि किसी घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय घटना को होने से पहले ही रोका जा सके।
पदाधिकारियों ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। सामाजिक संगठनों और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय से नगर में सुरक्षा का माहौल और मजबूत किया जा सकता है। प्रभावी रात्रि गश्त से अपराधों पर अंकुश लगाने के साथ आम लोगों का पुलिस-प्रशासन पर भरोसा भी बढ़ेगा।
सीओ अल्मोड़ा ने प्रतिनिधिमंडल की मांगों को गंभीरता से सुना और आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा पुलिस की प्राथमिकता है तथा रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इस अवसर पर रेडक्रॉस अध्यक्ष आशीष वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष मनोज सनवाल, कोषाध्यक्ष दीप जोशी, वरिष्ठ सदस्य हरीश कनवाल, कृष्ण बहादुर सिंह, यूथ रेडक्रॉस अध्यक्ष अमित साह मोनू, यूथ रेडक्रॉस सचिव मनोज भंडारी मंटू तथा यूथ रेडक्रॉस उपसचिव अभिषेक जोशी मौजूद रहे।