Wed. Jul 8th, 2026
Spread the love

जनतानामा न्यूज़ अल्मोडा उत्तराखण्ड

अल्मोड़ा उत्तराखंड में मानसून के लगातार सक्रिय रहने और भारी बारिश की चेतावनी के बीच अल्मोड़ा जिला प्रशासन ने बड़ा एहतियाती फैसला लिया है। भारत मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान में जनपद में भारी से बहुत भारी बारिश, भूस्खलन, सड़कें बंद होने और अन्य प्राकृतिक आपदाओं की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने 9 जुलाई 2026 (गुरुवार) को जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
जिलाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार जनपद के अंतर्गत संचालित सभी शासकीय, अशासकीय (अर्द्धशासकीय) एवं निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक शिक्षण कार्य पूरी तरह बंद रहेगा। इसके साथ ही जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में भी अवकाश रहेगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह निर्णय छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए लिया गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी तथा जिला कार्यक्रम अधिकारी को आदेश का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश की अवहेलना करने पर संबंधित संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने अभिभावकों से भी अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें तथा मौसम और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।