जनतानामा न्यूज़ अल्मोड़ा उत्तराखण्ड
अल्मोड़ा “सेवा, सुशासन एवं समर्पण” की भावना के साथ “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के तहत बुधवार को विकासखंड लमगड़ा के प्राथमिक विद्यालय, शहरफाटक में बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष मुकेश कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने आम जनता की समस्याएं सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुकेश कुमार ने कहा कि राज्य सरकार बहुउद्देशीय शिविरों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुंचकर लोगों को विभिन्न विभागों की योजनाओं और सेवाओं का लाभ उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने अधिकारियों से शिविरों को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ संचालित करने का आह्वान किया।
शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल लगाए गए, जहां करीब 1300 लोगों ने पहुंचकर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ उठाया। आधार कार्ड, राशन कार्ड, बिजली एवं पेयजल बिल, पेंशन सहित कई मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर भी बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया।
बाल विकास विभाग ने पांच लाभार्थियों को महालक्ष्मी किट वितरित की। डेयरी विकास विभाग ने गंगा गाय योजना के तहत एक लाभार्थी को 70 हजार रुपये का पशु क्रय अनुदान चेक तथा चार दुग्ध उत्पादकों को स्वच्छ दुग्ध उत्पादन किट प्रदान की।
पशुपालन विभाग ने ब्रॉयलर फार्म योजना के तहत एक लाभार्थी को 15 हजार रुपये और बकरी पालन योजना के तहत एक लाभार्थी को 51 हजार रुपये का अनुदान चेक दिया। इसके अलावा आठ पशुपालकों को पशु औषधि किट भी वितरित की गई।
शिविर में विभिन्न विभागों की योजनाओं के उत्कृष्ट लाभार्थियों को सम्मानित किया गया। लाभार्थियों ने योजनाओं से मिले लाभ और अपने अनुभव भी साझा किए।
शिविर के दौरान 19 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजा गया।
मुख्य विकास अधिकारी रामजी शरण शर्मा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग ने भी राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रचार सामग्री वितरित की।
कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख लमगड़ा त्रिलोक सिंह रावत, उपजिलाधिकारी जैंती/भनोली सौम्या गर्ब्याल, खंड विकास अधिकारी रोहित वर्मा, जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।
